आरपीएफ हटिया की सतर्कता से नवजात शिशु की जान बची

आरपीएफ हटिया की सतर्कता से नवजात शिशु की जान बची

Share
Link copied

रांची : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता एक बार फिर सराहनीय साबित हुई। हटिया रेलवे स्टेशन पर पुरी-हटिया तपस्विनी एक्सप्रेस के आगमन के दौरान आरपीएफ कर्मियों ने एक नवजात शिशु को सुरक्षित बचा लिया।

आरपीएफ रांची के कमांडेंट श्री पवन कुमार के निर्देश पर स्टेशन पर सतर्क ड्यूटी की जा रही थी। इसी दौरान 07 जनवरी 2025 को ट्रेन संख्या 18452 पुरी-हटिया तपस्विनी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर 01 पर पहुंची। नियमित जांच के क्रम में आरपीएफ पोस्ट हटिया के स्टाफ बिरसा ओरांव को कोच S4 के शौचालय के डस्टबिन में एक जीवित नवजात शिशु मिला।

सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट हटिया की सब-इंस्पेक्टर साधना कुमारी और महिला आरक्षी रीना यादव तुरंत मौके पर पहुंचीं। जीआरपी हटिया तथा चाइल्डलाइन हटिया के सहयोग से शिशु को तत्काल डिवीजनल रेलवे अस्पताल (डीआरएच) हटिया ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शिशु को रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।

यह घटना आरपीएफ की मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का उदाहरण है। रेलवे अधिकारियों ने सभी शामिल कर्मियों की प्रशंसा की है। शिशु की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और आगे की जांच जारी है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow