आरपीएफ रांची ने “नन्हे फरिश्ते” अभियान के तहत दो नाबालिग लड़कियों को बचाया
रांची : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) रांची ने अपनी सतर्कता से एक बार फिर मानवता की मिसाल कायम की है। कमांडेंट श्री पवन कुमार के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” अभियान के तहत 08 जनवरी 2026 को रांची रेलवे स्टेशन पर दो नाबालिग लड़कियों को संदिग्ध हालत में अकेला पाया गया और उन्हें सुरक्षित बचाया गया।
आरपीएफ पोस्ट रांची की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) टीम ने डीएनएफटी टीम रांची एवं सीआईबी रांची के साथ संयुक्त जांच अभियान चलाया। इस दौरान शाम लगभग 17:30 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 02 पर दो लड़कियां अकेली बैठी मिलीं, जो नाबालिग लग रही थीं। पूछताछ में उनका नाम आरिति कंडुलना (उम्र लगभग 14 वर्ष) और चुनु कंडुलना (उम्र लगभग 16 वर्ष) पता चला। दोनों खूंटी जिले के रानिया खटंगा थाना क्षेत्र के खटंगा गांव की रहने वाली हैं।
लड़कियों ने बताया कि वे घरेलू काम की तलाश में घर से निकलकर रांची आई थीं। उनकी नाबालिग होने की पुष्टि होने पर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं और उन्हें चाइल्डलाइन रांची के सदस्यों को सौंप दिया गया।
इस सराहनीय कार्रवाई में उपनिरीक्षक सोहन लाल, स्टाफ संजय यादव, दिव्या सिंह, पी. पान, एस. पी. टोप्पो एवं सी. कच्छप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


















