रांची पहुंचे RSS सरसंघचालक मोहन भागवत, कल जनजातीय संवाद में करेंगे आदिवासी प्रतिनिधियों से सीधा संवाद
रांची : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत शुक्रवार को दो दिवसीय झारखंड दौरे पर राँची पहुंचे। उनका यह दौरा मुख्य रूप से जनजातीय समुदाय के साथ सीधे संवाद स्थापित करने पर केंद्रित है। एयरपोर्ट से उतरते ही वे निवारणपुर स्थित संघ कार्यालय पहुंचे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!संघ कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार 24 जनवरी को राजधानी राँची के कार्निवल बैंक्वेट हॉल में सुबह 10 बजे से ‘जनजातीय संवाद’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में झारखंड के विभिन्न जनजातियों से करीब एक हजार प्रतिनिधि शामिल होंगे। संघ प्रमुख न केवल प्रतिनिधियों से खुलकर संवाद करेंगे, बल्कि कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे।
कार्यक्रम में क्षेत्र प्रचारक रामनवमी प्रसाद, प्रांत प्रचारक गोपाल सहित संघ से जुड़े कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। यह संवाद जनजातीय समाज के मुद्दों, सामाजिक समरसता और संघ के कार्यों पर केंद्रित रहेगा। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शाम में मोहन भागवत रेल मार्ग से पटना के लिए रवाना होंगे।
यह दौरा RSS के शताब्दी वर्ष के संदर्भ में जनजातीय समुदायों के साथ जुड़ाव बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो झारखंड जैसे आदिवासी बहुल राज्य में संगठन की पहुंच को मजबूत करने में सहायक साबित हो सकता है।
















