सड़क सुरक्षा माह के तहत भव्य मैराथन दौड़ का आयोजन, सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, जीवन रक्षा का संकल्प है: विधायक भूषण बाड़ा
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन सिमडेगा के तत्वावधान में शनिवार को एक भव्य मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस जन-जागरूकता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अधिकारी, पत्रकार और आम नागरिक शामिल हुए। मैराथन का मुख्य उद्देश्य यातायात नियमों का पालन, सुरक्षित वाहन संचालन और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विधायक सह कांग्रेस जिला अध्यक्ष भूषण बाड़ा, विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, उपायुक्त कंचन सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे सहित जिला स्तर के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। दौड़ के समापन पर सभी अतिथियों ने जनसमूह को संबोधित किया और सड़क सुरक्षा को जीवन रक्षा से जोड़ते हुए महत्वपूर्ण संदेश दिए।
विधायक भूषण बाड़ा ने अपने संबोधन में कहा, “सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का संकल्प है।” उन्होंने बताया कि हर साल हजारों लोग लापरवाही, तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट न लगाने जैसी वजहों से दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा को गंभीरता से अपनाएं, क्योंकि युवा ही देश का भविष्य हैं। सिमडेगा जैसे आदिवासी बहुल जिले में यह जागरूकता और भी आवश्यक है, ताकि दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोग भी सुरक्षित यात्रा कर सकें।
विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा माह व्यवहार में बदलाव लाने का सुनहरा अवसर है। जल्दबाजी में नियम तोड़ने से दुर्घटनाएं होती हैं, लेकिन थोड़ी सावधानी से न केवल अपनी, बल्कि दूसरों की जान भी बचाई जा सकती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने परिवार और समाज में सड़क सुरक्षा के संदेशवाहक बनें।
उपायुक्त कंचन सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन सड़क सुरक्षा को लेकर पूरी गंभीरता से कार्यरत है। पुलिस, परिवहन विभाग और अन्य एजेंसियां लगातार प्रयास कर रही हैं, लेकिन सफलता के लिए आम जनता का सहयोग अनिवार्य है। नियमों का पालन ही दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे कारगर तरीका है।
एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने जोर दिया कि सरकार और पुलिस प्रशासन सड़क सुरक्षा अभियानों को मजबूती से चला रहे हैं। मैराथन जैसे कार्यक्रम जीवन की अनमोलता का संदेश देते हैं कि लापरवाही में इसे न गंवाएं।
मैराथन में एसी, एसडीपीओ, डीटीओ, डीएसपी, बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी सहित विधायक प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह, रावेल लकड़ा, एजाज अहमद, नगर अध्यक्ष अरशद हुसैन उर्फ अक्षण, लखन गुप्ता, सोनी वर्मा आदि भी शामिल हुए।
















