खाना मांगने पर थोड़ी देर होने से भड़के पति ने पत्नी की लाठी-डंडों से की निर्मम हत्या, कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद की सजा
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले में एक बेहद हैरान करने वाली घटना में पति ने सिर्फ खाना देने में थोड़ी देरी होने पर पत्नी की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस क्रूर हत्या के आरोपी को अब आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है।
ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के जोराम लेदरीटोली गांव के निवासी जेवियर बा 1 अप्रैल 2023 की दोपहर करीब 3 बजे घर लौटे। उन्होंने अपनी पत्नी से खाना मांगा, लेकिन थोड़ी विलंब होने पर वे गुस्से में आ गए। आवेश में आकर उन्होंने लाठी और डंडे से पत्नी को बुरी तरह पीटा, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी जेवियर बा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। ठेठईटांगर थाना कांड संख्या 12/23 के तहत दर्ज इस हत्या के मामले में जांच पूरी होने के बाद चार्जशीट दाखिल की गई।
सिमडेगा जिला कोर्ट में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे) नरंजन कुमार सिंह की अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपी जेवियर बा को दोषी करार दिया। अभियोजन पक्ष की ओर से अपर लोक अभियोजक निशि कच्छप ने मजबूत दलीलें पेश कीं। अदालत ने आरोपी को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत दोषी पाते हुए आजीवन कारावास (उम्रकैद) की सजा सुनाई।

















