रांची सहित पूरे झारखंड में आज का मौसम: सुहाना और शुष्क, गर्मी बढ़ने की शुरुआत
रांची : झारखंड का मौसम काफी सुहावना बना हुआ है। राज्य में शुष्क और स्थिर मौसम बने रहने का अनुमान है, जिसमें कहीं भी बारिश या गरज की संभावना नहीं है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से मौसम साफ-सुथरा और ठंडक भरा महसूस हो रहा है, लेकिन दिन में धूप तेज हो रही है।
राजधानी रांची की बात करें तो रांची में आज न्यूनतम तापमान 16°C के आसपास (सुबह में हल्की ठंडक और कोहरा संभव) और अधिकतम तापमान 30°C तक पहुंच सकता है (दोपहर में गर्मी महसूस होगी) रांची में मुख्य रूप से आसमान साफ रहेगा, बाद में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। दिन में गर्माहट बढ़ेगी, लेकिन शाम को ठंडक लौट आएगी
झारखंड के विभिन्न हिस्सों में मौसम लगभग एक समान रहेगा। IMD और अन्य मौसम एजेंसियों के अनुसार उत्तर-पूर्वी झारखंड (देवघर, धनबाद, दुमका आदि) में अधिकतम तापमान 30-32°C, न्यूनतम 12-14°C रहेगा। उत्तर-पश्चिमी झारखंड (कोडरमा, चतरा, गढ़वा, पलामू) में अधिकतम 32-33°C और न्यूनतम 11-13°C रहेगा। मध्य झारखंड (रांची, बोकारो, हजारीबाग, खूंटी) में अधिकतम 28-30°C, न्यूनतम 12-14°C रहेगा। वहीं दक्षिणी झारखंड (जमशेदपुर, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा) में अधिकतम तापमान 32-34°C और न्यूनतम तापमान 14-16°C रहेगा
IMD के अनुसार फिलहाल राज्य में कोई प्रमुख मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं है, इसलिए शुष्क मौसम जारी रहेगा। अगले कुछ दिनों में तापमान में और 1-2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।


















