20260308 215050

अघोर पीठ में 179 मिर्गी रोगियों को निःशुल्क आयुर्वेदिक एवं फकीरी दवा वितरण, कई राज्यों से पहुंचे मरीज

वाराणसी : पड़ाव स्थित अघोर पीठ, श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम्, अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम के पवित्र प्रांगण में रविवार को एक विशाल निःशुल्क मिर्गी रोग चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 179 मिर्गी पीड़ित मरीजों (जिनमें 14 बच्चे शामिल थे) को आयुर्वेदिक एवं फकीरी दवा का वितरण किया गया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

शिविर की शुरुआत सूर्योदय से पूर्व हुई, जहां वयस्क मरीजों को दवा दी गई, जबकि बच्चों को सूर्योदय के साथ औषधि प्रदान की गई। आश्रम के प्रमुख वैद्य रंजीत कुमार ने मरीजों को दवा के साथ-साथ नशा त्यागने, परहेज रखने तथा संतुलित आहार-विहार के महत्वपूर्ण निर्देश दिए। आवश्यकतानुसार अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम के प्रमुख वैद्य श्री बैकुंठ नाथ पाण्डेय जी ने भी मरीजों को आयुर्वेदिक सुझाव प्रदान किए।

मरीजों की सुविधा के लिए संस्था ने दो दिन पहले से ही ठहरने और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की थी। अधिकांश मरीज अपने अभिभावकों के साथ पहले से ही आश्रम पहुंच चुके थे, जबकि कुछ स्थानीय मरीज भोर में पहुंचकर दवा प्राप्त कर सके।

इस शिविर में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हरियाणा तथा नेपाल से भी मिर्गी रोग से पीड़ित लोग दवा लेने पहुंचे थे। यह संस्था की समाज सेवा की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

शिविर को सफल बनाने में श्री सर्वेश्वरी समूह के प्रचारमंत्री पारसनाथ यादव, सदस्य डॉ. वामदेव पाण्डेय, सर्वेश्वरी टाइम्स के संपादक राजीव कुमार रानू, अदलपुर शाखा के गोपाल पाण्डेय तथा वैद्य के सहयोगी धर्मेन्द्र सिंह, रोहित सहित अन्य सर्वेश्वरी सैनिकों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उल्लेखनीय है कि विश्ववंद्य संत परमपूज्य अघोरेश्वर बाबा भगवान राम जी द्वारा स्थापित श्री सर्वेश्वरी समूह, बाबा भगवान राम ट्रस्ट तथा अघोर परिषद् ट्रस्ट पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी की अध्यक्षता में कुष्ठ रोगियों, मिर्गी पीड़ितों, उपेक्षितों एवं जरूरतमंदों की सेवा में निरंतर सक्रिय है। संस्था मिर्गी रोग के समाज से पूर्ण उन्मूलन के लिए कृतसंकल्पित है और इसी क्रम में ऐसे लोककल्याणकारी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं।

Share via
Share via