तीन नाबालिग बच्चियों को गुजरात ले जाने की साजिश नाकाम, दो मानव तस्कर गिरफ्तार; पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले में मानव तस्करी की एक बड़ी साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। तीन नाबालिग बच्चियों को सब्जी बाग दिखाकर बहलाकर गुजरात के सूरत ले जाने की योजना बनाई जा रही थी, लेकिन गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बच्चियां सुरक्षित बरामद हो गईं और दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस उपाधीक्षक रणवीर सिंह ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना प्रभारी और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की टीम ने तुरंत छापेमारी की। टीम ने तीनों नाबालिग बच्चियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। जांच में पता चला कि बच्चों को बाहर ले जाने वाला मुख्य आरोपी अमित गुप्ता था, जो सूचना मिलते ही फरार हो गया था। हालांकि, अगले दिन गुप्त सूचना पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान एक महिला की संलिप्तता भी सामने आई, जिसकी पहचान देवसमनी कुमारी के रूप में हुई। वह सिमडेगा जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत डायलोंगरा की निवासी है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और तीन रेलवे टिकट भी बरामद किए हैं, जो इस बात का सबूत हैं कि बच्चियों को सूरत ले जाकर तस्करी की योजना थी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मदद से भी जांच में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
सिमडेगा पुलिस ने इस सफलता को मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बताया है। मामले की आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है।

















