यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में ब्लूटूथ से नकल कराने वाला गिरोह बेनकाब, STF ने मथुरा से आरोपी को दबोचा
धर्मेंद्र चतुर्वेदी
मथुरा: उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़ा और नकल कराने की साजिश रचने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) मेरठ की फील्ड यूनिट ने शनिवार रात थाना राया क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेकर ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए परीक्षा पास कराने का लालच दे रहा था।
एसटीएफ मेरठ यूनिट के उपनिरीक्षक संजय कुमार को सर्विलांस और मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम हवेली निवासी अनुज कुमार कस्बा राया में अपने एक साथी से मिलने आने वाला है। आरोपी अभ्यर्थियों को पुलिस भर्ती परीक्षा में नकल कराने और उनसे ठगी करने की योजना बना रहा था।
सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बलदेव रोड स्थित रजनी लाइब्रेरी के पास घेराबंदी कर दी। देर रात मौके पर पहुंचे अनुज कुमार को टीम ने दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि वह अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेकर ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से परीक्षा में नकल कराने का लालच देता था।
एसटीएफ अब आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है और इस पूरे गिरोह के नेटवर्क को खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

















