रांची पुलिस ने बंद घर में चोरी का किया खुलासा, 6.5 लाख रुपये बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
रांची: नगड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत दलादली टीओपी के कृष्णा नगर में बंद घर में हुई चोरी के मामले का रांची पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से चोरी की गई कुल 6.5 लाख रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक कार बरामद की है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 मार्च 2026 को कृष्णा नगर रोड नंबर-03, गुटुवा स्थित एक बंद मकान में चोरी की घटना सामने आई थी। इस संबंध में वादी राहुल सिंह (32 वर्ष), निवासी बसदह, पोस्ट पाल्हे कला, थाना पाटन, जिला पलामू ने नगड़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में कांड संख्या 49/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में केस दर्ज किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) द्वितीय के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर 25 मार्च 2026 को सिमडेगा जिले के ठीठईटांगर थाना क्षेत्र के मतरामेटा गांव और सिमडेगा थाना क्षेत्र के साईपुर गांव में छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों ने सुलतान मियाँ, दीपक कुमार साहु उर्फ बुतरु और मो. अजाद अंसारी शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 6,50,000 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक कार बरामद किए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

















