आकाशीय बिजली गिरने से महुआ चुन रही नाबालिग बच्ची की मौत, इलाके में शोक
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : जिले के बोलबा प्रखंड अंतर्गत कुंदरमुंडा गोसाई टोली में सोमवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक नाबालिग बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची के पिता जागेश्वर मांझी ने बताया कि उनकी लगभग आठ वर्षीया बेटी घर से कुछ दूरी पर महुआ चुन रही थी। इसी दौरान सोमवार शाम करीब 5 बजे अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर पड़ी। बच्ची इसकी चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे आनन-फानन में इलाज के लिए बोलबा अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही गांव सहित आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष के तहत उचित मुआवजा और सहायता प्रदान की जाए। साथ ही, इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने की भी मांग की गई है।


















