22 साल से फरार वारंटी शेख पहलवान मियां गिरफ्तार, कोलेबिरा पुलिस की बड़ी सफलता
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : जिले की कोलेबिरा थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। 22 वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी शेख पहलवान मियां उर्फ शेख पहल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर की गई। एसडीपीओ सिमडेगा बैजू उरांव ने प्रेस वार्ता में बताया कि लंबे समय से फरार आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
पुलिस के अनुसार, कोलेबिरा थाना कांड संख्या- 11/97, दिनांक 03 मार्च 1997 से जुड़े मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज था। फरारी के कारण न्यायालय द्वारा 15 अक्टूबर 2004 को उसके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किया गया था।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाना बदलता रहा और जशपुर (छत्तीसगढ़) क्षेत्र में छिपा हुआ था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वह अपने गांव सोखाटोली, अघरमा में देखा गया है।
सूचना के आधार पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 अप्रैल 2026 को आरोपी को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेख पहलवान मियां उर्फ शेख पहल (उम्र करीब 48 वर्ष) के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पुअनि हर्ष कुमार साह, पुअनि सकलदेव महतो, सअनि रामनाथ जोंको, सअनि प्रताप चंद्र महतो सहित थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अब आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।

















