हटिया स्टेशन पर 16.9 किलो गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

हटिया स्टेशन पर 16.9 किलो गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

Share
Link copied

रांची: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन NARCOS” के तहत हटिया रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 16.9 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, रांची रेल मंडल में कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 08 अप्रैल 2026 को RPF पोस्ट हटिया, CIB रांची और अन्य अधिकारियों की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर में सघन जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-02 पर फुट ओवर ब्रिज के नीचे एक युवक संदिग्ध अवस्था में ट्रॉली बैग के साथ बैठा मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम विशाल पुरकायत (25 वर्ष), निवासी महराटोली, थाना जगन्नाथपुर, रांची बताया। संदेह के आधार पर उसके बैग की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान एक नीले और एक काले रंग के ट्रॉली बैग से कुल तीन पैकेट बरामद हुए। जांच में इन पैकेटों में गांजा होने की पुष्टि हुई। सभी पैकेटों का कुल वजन 16.900 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8.45 लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह धुर्वा निवासी एक व्यक्ति के निर्देश पर गांजा लाने गया था। वह 4 अप्रैल को बस से अंगुल गया, जहां दो दिन रुकने के बाद 7 अप्रैल को एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे ये बैग सौंपे। इसके बाद वह 18403 एक्सप्रेस ट्रेन से हटिया पहुंचा, जहां RPF ने उसे पकड़ लिया।

आरोपी के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को जब्त गांजा के साथ GRPS हटिया को सौंप दिया गया है। इस संबंध में GRPS हटिया थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B)/29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।