प्रमंडलीय आयुक्त के सिमडेगा दौरे को लेकर तैयारियां तेज, उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 30 मई 2026 को प्रस्तावित प्रमंडलीय आयुक्त, झारखंड, रांची के सिमडेगा दौरे को लेकर विभिन्न विभागों की तैयारियों और योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी जिला एवं अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं का अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन समय पर तैयार करें। इसके साथ ही जिले में संचालित विकास योजनाओं एवं उपलब्धियों से संबंधित विस्तृत प्रेजेंटेशन (पीपीटी) तैयार करने का भी निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि प्रमंडलीय आयुक्त के दौरे से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित हो सके।
बैठक में जिला कोषागार से किसी भी प्रकार की अवैध निकासी रोकने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को कर्मियों के भुगतान से जुड़े अभिलेखों एवं जानकारियों का गहन सत्यापन करने का निर्देश देते हुए भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की बात कही। बैठक में ज्ञानेन्द्र, सरोज तिर्की समेत सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कार्यालय प्रधान उपस्थित रहे।















