जनता दरबार में दिखी संवेदनशील प्रशासन की तस्वीर, दिव्यांग पंकज को मिली इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल

रांची : समाहरणालय में सोमवार को आयोजित जनता दरबार एक बार फिर संवेदनशील प्रशासन की मिसाल बना। मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की गई। इस दौरान बिरसा चौक निवासी दिव्यांग पंकज कुमार को राज्य सरकार की ओर से इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल उपलब्ध करायी गई, जिससे उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
पंकज कुमार अपनी मां के साथ जनता दरबार पहुंचे थे। ट्राईसाइकिल मिलने के बाद उन्होंने और उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। उपायुक्त ने पंकज से पूछा कि उन्हें जनता दरबार में सहायता मिलने की जानकारी कैसे मिली, जिस पर उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें इसकी जानकारी प्राप्त हुई थी।
सोनाहातू अंचल अधिकारी को लगाई फटकार
जनता दरबार में सोनाहातू निवासी प्रकाश कुमार महतो ने नीमडीह मौजा स्थित जमीन के पंजी-2 में सुधार नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि लंबे समय से कार्यालय का चक्कर लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने सोनाहातू अंचल अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई और जल्द निष्पादन का निर्देश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने पर संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध प्रपत्र-क गठित किया जाएगा।
लंबित म्यूटेशन मामले में तत्काल कार्रवाई का निर्देश
शहर अंचल निवासी हरि प्रसाद चक्रवर्ती ने सक्सेशन म्यूटेशन लंबित रहने की शिकायत उपायुक्त के समक्ष रखी। एलआरडीसी के आदेश के बावजूद म्यूटेशन नहीं होने पर उपायुक्त ने तत्काल शहर अंचल अधिकारी से दूरभाष पर बात कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अधिग्रहित भूमि के मुआवजा भुगतान पर मांगी रिपोर्ट
बेड़ो निवासी तेतरु उरांव ने अधिग्रहित भूमि के एवज में मुआवजा राशि नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर उपायुक्त ने भू-अर्जन कार्यालय से अद्यतन रिपोर्ट तलब की। अधिकारियों ने बताया कि भुगतान प्रक्रिया जारी है, जिस पर उपायुक्त ने प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
भू-माफियाओं पर सख्त रुख
जनता दरबार में कई लोगों ने भू-माफियाओं द्वारा जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। उपायुक्त ने मामलों को गंभीर मानते हुए राजस्व एवं सब-रजिस्ट्रार कार्यालय को त्वरित जांच और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंईयां सम्मान योजना से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने का निर्देश
बेड़ो निवासी रुपन उरांव ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत सत्यापन में गलत रिपोर्टिंग की शिकायत दर्ज कराई। उपायुक्त ने संबंधित बीडीओ को जांच के निर्देश दिए तथा सामाजिक सुरक्षा निदेशक को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने सभी पंचायत मुखियाओं को निर्देश दिया कि योजना से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार और आमदनी बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जाए। जनता दरबार में प्राप्त अन्य आवेदनों पर भी उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

















