महाराष्ट्र में जहरीली शराब से 13 की मौत, पुणे-पिंपरी चिंचवड़ में हड़कंप; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र में एक बार फिर जहरीली शराब ने कई लोगों की जान ले ली है। पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ इलाके में जहरीली शराब पीने से अब तक 13 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी योगेश वानखेडे को गिरफ्तार कर लिया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, पिंपरी-चिंचवड़ के दापोडी और फुगेवाड़ी इलाके में जहरीली शराब पीने से 8 लोगों की मौत हुई, जबकि पुणे के काले पड़ल इलाके में 3 और हडपसर इलाके में 2 लोगों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी योगेश वानखेडे ने स्पिरिट और अन्य जहरीले पदार्थ मिलाकर अवैध शराब तैयार की थी। यही शराब पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ के अलग-अलग इलाकों में बेची गई। दापोडी, फुगेवाड़ी, हडपसर और काले पड़ल इलाके के लोगों ने शराब का सेवन किया, जिसके कुछ देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शराब पीने वाले लोगों के मुंह से झाग निकलने लगा और वे बेहोश होकर गिर पड़े। कई लोगों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गई। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि योगेश वानखेडे पहले से अवैध शराब कारोबार में शामिल रहा है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही शराब बनाने और सप्लाई करने वाले नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

















