हादसा: आदित्यपुर धर्मकांटा के पास हाईटेंशन तार की चपेट में आया कंटेनर, भीषण आग से चालक गंभीर
आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरआईटी थाना अंतर्गत पम्मी धर्मकांटा के समीप एक लॉजिस्टिक कंटेनर हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया, जिससे वाहन में भीषण आग लग गई। इस हादसे में कंटेनर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे एक कंटेनर वजन कराने के लिए पम्मी धर्मकांटा की ओर जा रहा था। इसी दौरान वाहन की ऊंचाई अधिक होने के कारण उसका ऊपरी हिस्सा सड़क के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया। संपर्क होते ही तेज चिंगारी के साथ कंटेनर में आग लग गई।
स्थानीय लोगों ने बचाई जान
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरा कंटेनर चपेट में आ गया। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। स्थानीय लोगों ने जान की परवाह किए बिना सूझबूझ दिखाई और कंटेनर के अंदर फंसे घायल चालक को किसी तरह बाहर निकाला। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है कि सड़क मार्ग पर इस तरह की लापरवाही और हाईटेंशन तार की इतनी कम ऊंचाई किसकी विफलता है।

















