गर्ल्स हॉस्टल की चौथी मंजिल से गिरकर छात्रा की मौत, जांच में जुटी पुलिस

रांची: राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। लोहरा कोचा स्थित एक निजी गर्ल्स हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवती हॉस्टल की चौथी मंजिल से नीचे गिर गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, युवती लोहरा कोचा स्थित एक निजी गर्ल्स हॉस्टल में रह रही थी। गुरुवार को अचानक वह हॉस्टल की चौथी मंजिल से नीचे गिर गई। घटना के बाद हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों और हॉस्टल प्रबंधन ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही लालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस हॉस्टल के अन्य छात्रों, कर्मचारियों और प्रबंधन से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
फिलहाल युवती के गिरने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस इसे दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई घटना के दृष्टिकोण से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

















