गोड्डा में झामुमो का बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन, संगठन सशक्तिकरण पर जोर
गोड्डा : गोड्डा मुख्यालय स्थित शुभदा बैंकट हॉल में शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला कमेटी गोड्डा द्वारा बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में पार्टी के केंद्रीय महासचिव श्री विनोद कुमार पांडे, केंद्रीय सचिव श्री पंकज मिश्रा, सांसद श्री विजय हांसदा, विधायक श्री हेमलाल मुर्मू एवं श्री धनंजय सोरेन सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष प्रोफेसर प्रेमनंदन कुमार ने की। सम्मेलन में गोड्डा जिले के 1256 बूथों से बीएलए-2, बूथ अध्यक्ष/संयोजक, जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय कमेटियों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ अतिथियों के स्वागत एवं झारखंड आंदोलन के प्रणेता स्वर्गीय शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद नेताओं का अंगवस्त्र, पौधा एवं विशाल फूलमालाओं से स्वागत किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ सम्मेलन का विधिवत शुभारंभ हुआ। पूरे सभागार में “शिबू सोरेन अमर रहें”, “हेमंत सोरेन जिंदाबाद” एवं “कल्पना मुर्मू सोरेन जिंदाबाद” के नारे गूंजते रहे। सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी राजनीतिक परिस्थितियों एवं बूथों पर सक्रियता बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडे ने कहा कि किसी भी पार्टी की असली ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के निर्देशानुसार अब संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई बूथ कमेटी होगी, जिससे केंद्रीय नेतृत्व सीधे संवाद करेगा। उन्होंने सभी बूथों पर कमेटियों के शीघ्र गठन एवं सुदृढ़ीकरण का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में एसआईआर एवं जनगणना जैसे कार्यों के चलते बीएलए-2 और बूथ कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। उन्होंने सभी बीएलए-2 को अपने-अपने बीएलओ से समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अयोग्य नाम शामिल न हो। कार्यक्रम के दौरान तकनीकी टीम द्वारा एसआईआर प्रक्रिया पर प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर केंद्रीय समिति सदस्य पुष्पेंद्र टुडू, पूर्व विधायक ताला मरांडी, वासुदेव सोरेन, सिमोन माल्टो, पूनम देवी, जसिंता हेंब्रम, श्याम हेंब्रम, युसूफ अंसारी, मृत्युंजय सिंह, अवध किशोर हसदा, राजेश हसदा, विनोद मुर्मू, सुल्तान अहमद, इरफान अंसारी, मोहम्मद आरमान, ताला टुडू, महेंद्र उरांव, कयूम अंसारी सहित अनेक नेता एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

















