झामुमो की विशेष SIR कार्यशाला सह प्रशिक्षण शिविर का पाकुड़ में आयोजन, बूथ सशक्तिकरण पर जोर

पाकुड़ जिले के रविंद्र भवन में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की एक दिवसीय विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यशाला सह प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने की। इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कार्यशाला में मुख्य रूप से झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय, केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा, राजमहल सांसद विजय हांसदा तथा लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण और सदस्यता अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने पर जोर दिया।
केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने SIR प्रक्रिया को लेकर आरोप लगाते हुए कहा कि इसके माध्यम से योग्य मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिशें की जा रही हैं, जिसका झामुमो लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर छूटे हुए नाम जोड़ने और हटाए गए नामों को पुनः शामिल कराने की अपील की।
केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा ने BLA-2 कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण, बूथ प्रबंधन, सदस्यता अभियान तथा चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही संगठन विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर बल दिया गया।
राजमहल सांसद विजय हांसदा ने कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से क्षेत्र भ्रमण कर योग्य मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़वाने की अपील की। वहीं विधायक हेमलाल मुर्मू ने SIR प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि हर बूथ पर मैपिंग और मतदाता सहयोग को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर वरिष्ठ नेताओं का कार्यकर्ताओं द्वारा आदिवासी परंपराओं के अनुसार माला पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष एवं सचिव सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता एवं BLA-2 प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
















