रांची में विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 की तैयारी तेज, 30 जून से घर-घर पहुंचेंगे BLO

रांची : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी 30 जून 2026 से शुरू होने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 की तैयारियों को लेकर रांची जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में दूसरे दिन भी बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) एवं BLO सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) ने पुनरीक्षण प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान गणना प्रपत्र (Enumeration Form-EF) के वितरण, संग्रहण एवं अभिलेखों के संधारण से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक BLO अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में प्रत्येक मतदाता के घर जाकर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे और भरे हुए प्रपत्रों का संग्रहण सुनिश्चित करेंगे।
कार्यक्रम में BLO एवं सुपरवाइजरों को कार्य निष्पादन के दौरान आने वाली संभावित चुनौतियों और उनके समाधान के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही गणना प्रपत्रों के नियमित संधारण और दैनिक प्रगति प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को प्रभावी, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के BLO को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा समय पर गणना प्रपत्र भरकर उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
















