रिम्स को मिला नया कार्यकारी निदेशक, डॉ. विपेन्द्र कुमार सिन्हा को सौंपी गई जिम्मेदारी

रांची : झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने रिम्स (राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान), रांची के प्रशासनिक नेतृत्व में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए डॉ. विपेन्द्र कुमार सिन्हा को कार्यकारी व्यवस्था के तहत रिम्स का प्रभार सौंप दिया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, रिम्स के सर्जरी विभाग के प्राध्यापक डॉ. विपेन्द्र कुमार सिन्हा को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक निदेशक, रिम्स का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। यह नियुक्ति कार्यकारी व्यवस्था के तहत की गई है।
अधिसूचना में कहा गया है कि इस प्रस्ताव को विभागीय मंत्री-सह-अध्यक्ष, शासी परिषद की स्वीकृति प्राप्त है। आदेश स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर सचिव शशि प्रकाश सिंह द्वारा जारी किया गया।
डॉ. सिन्हा के निदेशक पद का प्रभार संभालने से रिम्स के प्रशासनिक और स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में निरंतरता बनाए रखने की उम्मीद जताई जा रही है। सरकार ने आदेश की प्रतिलिपि राज्यपाल सचिवालय, मुख्यमंत्री सचिवालय, मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, रिम्स प्रशासन और संबंधित संस्थानों को भी भेजी है।
















