रामगढ़ में सीसीएल चेकपोस्ट पर अपराधियों का तांडव: ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला सिरका, बाल-बाल बचे सुरक्षाकर्मी

रामगढ़ : रामगढ़ जिले के सिरका स्थित सीसीएल चेकपोस्ट पर अपराधियों ने शनिवार को ताबड़तोड़ गोलीबारी कर इलाके में दहशत फैला दी। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि सीसीएल गार्ड अनिल डोम और होमगार्ड जवान चरवा उरांव सुरक्षित बच गए। पुलिस इसे लेवी (वसूली) कनेक्शन से जोड़कर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर सवार होकर आए दो अपराधियों ने चेकपोस्ट को निशाना बनाया। एक अपराधी ने अपना चेहरा कपड़े से ढक रखा था। जैसे ही वे चेकपोस्ट के करीब पहुंचे, एक बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। वहीं, उसका दूसरा साथी गिद्दी-नईसराय मुख्य सड़क पर बाइक स्टार्ट कर भागने की फिराक में खड़ा रहा। फायरिंग को अंजाम देने के बाद अपराधी हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ डीएसपी और संबंधित थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है, जहां गोली के निशान और चेकपोस्ट के क्षतिग्रस्त शीशे साफ़ देखे जा सकते हैं। अधिकारियों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को कब्जे में ले लिया है और फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है।
लेवी का पुराना ‘गढ़’ बना सिरका
सिरका क्षेत्र में लेवी को लेकर आपराधिक घटनाओं का लंबा इतिहास रहा है। इससे पूर्व भी राहुल दुबे गिरोह के नाम पर धमकी भरे पर्चे छोड़ने और हाइवा जलाने जैसी कई वारदातें हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों में इस बार की फायरिंग के बाद भारी आक्रोश और डर का माहौल है।
घटना के बाद पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर दिया गया है। घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि वे न केवल लेवी बल्कि सभी आपराधिक पहलुओं पर गौर कर रहे हैं। जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
Also Read :
जमशेदपुर: धतकीडीह तालाब में मिलाअज्ञात शव , पुलिस जांच में जुटी
गो-तस्कर गिरफ्तार, 14 आपराधिक मामलों का आरोपी निकला
आदिवासी संस्कृत में भी भगवान राम का जिक्र, कई जनजातियों का मौखिक रामायणी भी है : IRS निशा उरांव

















