छोटे भाई को बचाने के लिए कुएं में कूदा बड़ा भाई, दोनों की डूबने से मौत

रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र स्थित चन्द्राटोली गांव में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। छोटे भाई की जान बचाने की कोशिश में बड़े भाई ने अपनी जान गंवा दी। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब छह बजे विनोद मुंडा खेत से लौटने के बाद सिंचाई के लिए बने कुएं से पानी निकालने गया था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे कुएं में गिर पड़ा। अधिक पानी होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूबने लगा।
भाई को संकट में देख सुखराम मुंडा ने बिना अपनी जान की परवाह किए तुरंत कुएं में छलांग लगा दी। उसने काफी देर तक विनोद को बचाने की कोशिश की, लेकिन कुएं की गहराई, पानी का स्तर अधिक होने और बाहर निकलने का कोई साधन नहीं होने के कारण दोनों फंस गए। देखते ही देखते दोनों की डूबने से मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि विनोद मुंडा मिर्गी की बीमारी से पीड़ित था और अविवाहित था। परिवार के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच बेहद गहरा स्नेह था और सुखराम हमेशा अपने छोटे भाई की देखभाल करते थे।
ग्रामीणों ने बताया कि यह कुआं करीब दो वर्ष पहले मनरेगा योजना के तहत मृतकों के पिता बिरसा मुंडा द्वारा बनवाया गया था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है। दोनों भाइयों की मौत ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है।
















