धनबाद में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ के कार्यों का लिया जायजा

धनबाद : झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के. रवि कुमार ने सोमवार को धनबाद जिले के भूली बस्ती स्थित मतदान केंद्र संख्या-38, उत्क्रमित मध्य विद्यालय तथा मतदान केंद्र संख्या-210, गुरुनानक मध्य विद्यालय का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) द्वारा किए जा रहे कार्यों और निर्धारित कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम संशोधन, विलोपन एवं अन्य प्रक्रियाओं की जानकारी ली।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ को निर्देश दिया कि मतदाता सूची को शत-प्रतिशत त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ संपन्न किए जाएं। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र नामों को हटाकर सूची को अधिक सटीक बनाना है।















