PM मोदी आज से छह दिवसीय विदेश दौरे पर, इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में रणनीतिक साझेदारी को देंगे नई गति

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार से छह दिनों के तीन देशों के महत्वपूर्ण दौरे पर रवाना हो रहे हैं। इस यात्रा के दौरान वह इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड का दौरा करेंगे, जहां रक्षा, व्यापार, निवेश, समुद्री सुरक्षा और सांस्कृतिक सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर उच्चस्तरीय बातचीत होगी। दौरे को भारत की एक्ट ईस्ट नीति और इंडो-पैसिफिक रणनीति के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री सोमवार शाम इंडोनेशिया पहुंचेंगे। यह उनकी इंडोनेशिया की चौथी यात्रा होगी और दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी स्थापित होने के बाद दूसरी आधिकारिक यात्रा है। मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। बैठक में दोनों देशों के बीच रक्षा, समुद्री सहयोग, व्यापार और निवेश सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री जकार्ता में भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे और ऐतिहासिक शहर योग्याकार्ता का भी दौरा करेंगे। यहां वह प्रसिद्ध प्रम्बनन मंदिर जाएंगे, जहां भारत और इंडोनेशिया के साझा संरक्षण प्रयासों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
भारत के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मलक्का जलडमरूमध्य की सुरक्षा और स्थिरता में इंडोनेशिया की भूमिका भी इस यात्रा का अहम विषय रहेगी। यह समुद्री मार्ग वैश्विक व्यापार के साथ-साथ भारत की ऊर्जा और आर्थिक सुरक्षा के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
दौरे के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री 8 जुलाई को ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न पहुंचेंगे। यहां वह ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी एल्बनीज के साथ भारत-ऑस्ट्रेलिया वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। दोनों नेताओं के बीच आर्थिक सहयोग, रक्षा साझेदारी और क्षेत्रीय सुरक्षा पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम को भी संबोधित करेंगे और ऑस्ट्रेलिया में रह रहे भारतीय समुदाय से मुलाकात करेंगे।
इसके बाद 10 और 11 जुलाई को प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड के दौरे पर रहेंगे। यहां वह प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। बातचीत में व्यापार, रक्षा, शिक्षा और निवेश सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर रहेगा। पिछले चार दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली न्यूजीलैंड यात्रा होगी, जिसे दोनों देशों के संबंधों के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री उद्योग जगत, खेल जगत के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे और वहां रहने वाले भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे।
यह तीन देशों का दौरा भारत के रणनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
















