झुंड से बिछड़ा हाथी सिमडेगा में मचा रहा उत्पात, घर किया ध्वस्त, जोराम ग्रिड व NH-143 पर दहशत

शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा: जिले में झुंड से बिछड़ा एक जंगली हाथी लगातार उत्पात मचा रहा है। रविवार रात जलडेगा प्रखंड के टांगिया भाकू टोली गांव में हाथी ने एक घर को ध्वस्त कर दिया, जबकि सोमवार शाम सिमडेगा-राउरकेला मुख्य मार्ग (NH-143) स्थित जोराम विद्युत ग्रिड के पास हाथी देखे जाने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। हाईवे से गुजरने वाले राहगीर भी भय के साए में सफर करने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात हाथी गांव में घुस आया और टुडू टोपनो के घर को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। हाथी के गांव में प्रवेश से ग्रामीण पूरी रात जागकर अपने परिवार और संपत्ति की सुरक्षा करते रहे।
घटना की सूचना मिलने पर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष अमर तोपनो पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा देते हुए प्रशासन और वन विभाग से शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने तथा हाथी को आबादी वाले क्षेत्र से सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
इधर, जलडेगा क्षेत्र में उत्पात मचाने के बाद सोमवार शाम करीब 7:30 बजे वही हाथी सिमडेगा-राउरकेला मुख्य मार्ग पर स्थित जोराम विद्युत ग्रिड के पास देखा गया। हाथी की मौजूदगी की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई, वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों में भी भय का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से हाथी की लगातार निगरानी करने, उसे सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने तथा प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी जनहानि या दुर्घटना से बचा जा सके।

















