धुर्वा में युवक की संदिग्ध मौत के बाद हंगामा, फाइनेंस कंपनी पर प्रताड़ना का आरोप

रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मृतक की पहचान सूरज नायक के रूप में हुई है। सोमवार देर रात स्मार्ट सिटी क्षेत्र में एक पेड़ से उसका शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मंगलवार को घटना के विरोध में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सेक्टर-3 मार्केट के पास जुट गए और न्याय की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूरज नायक पर एक फाइनेंस कंपनी का लगातार दबाव बनाया जा रहा था। उनका कहना है कि बजाज फाइनेंस के कर्मचारी और मैनेजर बार-बार घर पहुंचकर किस्तों को लेकर गाली-गलौज करते थे और धमकी भी देते थे। परिजनों का आरोप है कि इसी मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर सूरज ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या था। धुर्वा थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में किसी तरह की प्रताड़ना या उकसावे के साक्ष्य मिलते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















