7th-grade student locked in school for hours; entire staff faces the axe after video goes viral.

स्कूल में घंटों बंद रहा 7वीं का छात्र, वीडियो वायरल होते ही पूरे स्टाफ पर गिरी गाज

Share
Link copied
7th-grade student locked in school for hours; entire staff faces the axe after video goes viral.
7th-grade student locked in school for hours; entire staff faces the axe after video goes viral.

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के बनिहाल क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल से जुड़ी गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां 7वीं कक्षा का एक छात्र स्कूल की छुट्टी होने के बाद भी घंटों तक स्कूल भवन के अंदर बंद रह गया। रात करीब आठ बजे एक स्थानीय व्यक्ति ने स्कूल के भीतर से बच्चे की आवाज सुनकर लोगों की मदद से ताला खुलवाया और छात्र को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्कूल के पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया।

RKDF
Adv

जानकारी के अनुसार, यह घटना 4 जुलाई को बनिहाल के क्रावाह गांव स्थित सरकारी मिडिल स्कूल में हुई। स्कूल में गर्मियों की छुट्टियों से पहले अंतिम कार्य दिवस होने के कारण छुट्टी के बाद स्कूल में ताला लगा दिया गया, लेकिन किसी ने यह सुनिश्चित नहीं किया कि सभी छात्र सुरक्षित बाहर निकल चुके हैं। इसी लापरवाही के कारण एक छात्र स्कूल के भीतर ही बंद रह गया।

बाद में स्कूल के पास से गुजर रहे एक व्यक्ति ने अंदर से आवाजें सुनीं। पहले उसे संदेह हुआ, लेकिन जब उसने आसपास के लोगों को बुलाकर ताला खुलवाया तो अंदर एक बच्चा मौजूद मिला। बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला शिक्षा विभाग के संज्ञान में आया।

रामबन के मुख्य शिक्षा अधिकारी (CEO) ने घटना को विद्यार्थियों की सुरक्षा के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए गवर्नमेंट मिडिल स्कूल, क्रावाह के सभी कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आदेश में कहा गया है कि प्रथम दृष्टया यह ड्यूटी में घोर लापरवाही का मामला है, जिससे छात्र की जान और सुरक्षा खतरे में पड़ सकती थी।

मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। समिति में बनिहाल गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल की प्रिंसिपल को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि जोनल एजुकेशन ऑफिसर, बनिहाल और हाई स्कूल बैंकूट के प्रधानाध्यापक को सदस्य नियुक्त किया गया है। समिति को तीन दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट और जिम्मेदारी तय कर अपनी सिफारिशें सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

शिक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए स्कूल में वैकल्पिक शिक्षकों और अन्य आवश्यक स्टाफ की तैनाती कर दी गई है। गर्मियों की छुट्टियों के बाद स्कूल दोबारा खुलने पर नया स्टाफ कार्यभार संभालेगा।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।