सिमडेगा को एथलेटिक्स हब बनाने की तैयारी, जिला एथलेटिक्स संघ की नई कार्यकारिणी का गठन, एडलिन केरकेट्टा बनीं अध्यक्ष

शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : सिमडेगा जिला एथलेटिक्स संघ की वार्षिक आमसभा हॉकी सिमडेगा कार्यालय में आयोजित हुई, जिसमें जिले में एथलेटिक्स को जमीनी स्तर से मजबूत बनाने, ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे लाने और वर्ष 2026-30 के लिए नई कार्यकारिणी के गठन सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में तय किया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में एथलेटिक्स प्रशिक्षण अभियान शुरू किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को शुरुआती स्तर से ही बेहतर प्रशिक्षण मिल सके। साथ ही हर वर्ष सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इन प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा।
संघ ने घोषणा की कि अगस्त के तीसरे सप्ताह में प्रथम सिमडेगा जिला जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 (अंडर-18 एवं अंडर-20 बालक-बालिका वर्ग) का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता के उत्कृष्ट खिलाड़ी 29 और 30 अगस्त 2026 को रांची में होने वाली तीसरी झारखंड राज्य जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
खिलाड़ियों की सुविधा के लिए जिला चार जोन में विभाजित
ग्रामीण और दूरदराज के खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जिले को चार जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन में प्रतियोगिता आयोजित होगी, जहां से चयनित खिलाड़ी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
पूर्वी जोन: बानो, कोलेबिरा एवं जलडेगा (आयोजन स्थल – लचड़ागढ़), प्रभारी – विजय लकड़ा एवं राजेंद्र साहू।
पश्चिमी जोन: कुरडेग एवं केरसई (आयोजन स्थल – कुरडेग), प्रभारी – टिंटूस बड़ा एवं श्रुति प्रिया मांझी।
दक्षिणी जोन: पाकरटांड़ एवं सिमडेगा (आयोजन स्थल – सिमडेगा), प्रभारी – उर्मिला सोरेंग, बिपिन कुमार एवं प्रवीण परवार।
उत्तरी जोन: ठेठईटांगर, बोलबा एवं बांसजोर (आयोजन स्थल – जोराम), प्रभारी – सहदेव मांझी, सिमरेला एक्का एवं फ्रांसिस खेस।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि खेलो इंडिया सेंटर, विभिन्न विद्यालयों के खेल प्रशिक्षकों, केवीएस, डीएवी सहित अन्य शिक्षण संस्थानों के सहयोग से जिले में एथलेटिक्स को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
इस दौरान एथलेटिक्स में एनआईएस कोर्स पूरा कर लौटे विजय लकड़ा को सम्मानित किया गया। बताया गया कि एक माह बाद प्रतिभा कुमारी भी एनआईएस कोर्स पूरा कर लेंगी, जिससे जिले को एक और प्रशिक्षित कोच मिलेगा।
नई कार्यकारिणी का गठन
वर्ष 2026-30 के लिए सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें एडलिन केरकेट्टा को अध्यक्ष, सहदेव मांझी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, राजेंद्र साहू एवं सिमरेला एक्का को उपाध्यक्ष, बिपिन कुमार को सचिव, फ्रांसिस खेस एवं उर्मिला सोरेंग को संयुक्त सचिव तथा विजय लकड़ा को कोषाध्यक्ष चुना गया। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में टिंटूस बड़ा, प्रवीण परवार और श्रुति प्रिया मांझी को शामिल किया गया। इसके अलावा उर्मिला सोरेंग को तकनीकी समिति का प्रमुख और विजय लकड़ा को चयन समिति का प्रमुख बनाया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष एडलिन केरकेट्टा ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से सिमडेगा को एथलेटिक्स के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई जाएगी और जिले को एथलेटिक्स हब बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य किए जाएंगे।

















