कोलेबिरा में गौ-तस्करी की साजिश नाकाम, रेकी कर रहे दो आरोपी गिरफ्तार, कार और मोबाइल जब्त

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गौ-तस्करी के एक प्रयास को विफल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में कोलेबिरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उड़ीसा से सिमडेगा होते हुए कोलेबिरा मार्ग के रास्ते गोवंशीय पशुओं से लदी एक गाड़ी गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ममता ढाबा और देव नदी के बीच कोलेबिरा-रांची मुख्य मार्ग पर वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान एक संदिग्ध स्वीफ्ट डिजायर (JH01DV-8263) को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने पुलिस वाहन और जवानों को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा करते हुए वाहन को पालकोट में पकड़ लिया।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गौ-तस्करी में शामिल गिरोह के लिए रेकी का काम करते हैं और गोवंशीय पशुओं से लदी गाड़ियों को सुरक्षित पार कराने में सहयोग करते हैं। आरोपियों ने बताया कि स्कॉर्पियो (JH01AK-9320) में गोवंशीय पशु लादकर रांची ले जाए जा रहे थे, जिसकी निगरानी वे कर रहे थे। हालांकि, उक्त वाहन पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सादिक खान (28), निवासी महेशपुर, थाना अनगड़ा, जिला रांची तथा साकिब भंडारी (24), निवासी मुरगू, थाना सिसई, जिला गुमला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्वीफ्ट डिजायर कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। फरार स्कॉर्पियो और उसमें सवार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
यह कार्रवाई कोलेबिरा थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की, जिसमें अमरनाथ कुमार सोनी, जगबंधु हजरा, नमने हेमरोम और आलोक खाखा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
















