बोकारो में बेखौफ अपराधी: 24 घंटे में दूसरी चेन छिनतई, दिनदहाड़े महिला से लूटे सोने की चेन

बोकारो: शहर में इन दिनों अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बोकारो में चेन छिनतई की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के लक्ष्मी मार्केट का है, जहां बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से 10 ग्राम सोने की चेन झपट ली और आसानी से फरार हो गए।

गोमिया के स्वांग निवासी कनक लता अपने पति संजय कुमार सिन्हा के साथ अपने बीमार बेटे का इलाज कराने बोकारो आई थीं। इलाज के दौरान वे लक्ष्मी मार्केट स्थित मयूर मेडिकल दुकान के पास खड़ी थीं। इसी बीच हेलमेट पहने दो बदमाश बाइक पर सवार होकर आए और झपट्टा मारकर महिला के गले से सोने की चेन छीन ली।
झारखंड पुलिस और एनआईए का संयुक्त प्रशिक्षण शुरू, यूएपीए मामलों की जांच और अभियोजन पर होगा फोकस
वारदात के दौरान महिला के गले पर खरोच भी आई है। पीड़ित महिला ने बताया कि हमलावर पहले से ही वहां ताक लगाए बैठे थे। हालांकि, पीड़ित और उनके बेटे ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार बाइक के कारण वे पकड़ में नहीं आ सके।
पूरी घटना पास ही लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी हेलमेट पहने हुए थे, जिससे उनकी पहचान छिपाने में मदद मिल रही है। 112 पर सूचना मिलने के 5-7 मिनट के भीतर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला ने सेक्टर-4 थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
यह बोकारो में 24 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी वारदात है। इससे ठीक एक दिन पहले सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर-2 सी में शैलेन्द्र यादव उर्फ मुन्ना यादव के गले से भी चेन छीन ली गई थी।
लगातार हो रही इन वारदातों से शहर में दहशत का माहौल है। चर्चा यह भी है कि इन घटनाओं के पीछे कोई अंतर्राज्यीय गिरोह (संभावित ओड़िशा गैंग) हो सकता है। फिलहाल, पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की धर-पकड़ के लिए दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

















