ऑपरेशन भरोसा के तहत रामगढ़ पुलिस ने लौटाए 125 गुम हुए मोबाइल, लोगों में बढ़ा पुलिस पर भरोसा

रामगढ़: आमजनों में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करने के उद्देश्य से रामगढ़ पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन भरोसा” के तहत बड़ी सफलता हासिल हुई है। एक माह तक चले इस विशेष अभियान में पुलिस ने 125 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए।
पुलिस अधीक्षक रामगढ़ के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों ने पिछले छह माह के दौरान दर्ज गुमशुदगी के मामलों और सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान रामगढ़ के अलावा रांची, हजारीबाग, चतरा, बोकारो, पलामू, गढ़वा समेत विभिन्न जिलों से मोबाइल फोन बरामद किए गए।

रामगढ़ स्थित न्यू टाउन हॉल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। थानावार बरामदगी में रामगढ़ थाना से सर्वाधिक 30 मोबाइल, गोला थाना से 20 तथा पतरातू थाना से 14 मोबाइल बरामद किए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव, साइबर सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक किया। साथ ही CEIR पोर्टल के उपयोग और गुम हुए मोबाइल की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी।
मोबाइल वापस पाने वाले लोगों ने रामगढ़ पुलिस के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए पुलिस के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया। पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी जनता की सेवा, गुम हुई संपत्तियों की बरामदगी और जनविश्वास को मजबूत करने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।

















