ऑपरेशन विश्वास के तहत 128 चोरी व गुम मोबाइल बरामद, स्वामियों को लौटाए, जनवरी से अब तक 573 मोबाइल की बरामदगी

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: सिमडेगा पुलिस के ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक श्रीकांत राव खोटरे के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी संसाधनों और पुलिसिया प्रयासों के जरिए ओडिशा, गुजरात, छत्तीसगढ़ समेत विभिन्न राज्यों से 128 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
मंगलवार को पुलिस केंद्र, सिमडेगा में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई। इनमें टीटांगर थाना क्षेत्र की सबसे कम उम्र की मोबाइल स्वामी रीता कुल्लू और बांसजोर ओपी क्षेत्र के सबसे अधिक उम्र के मोबाइल स्वामी बरनाबस डुंगडुंग भी शामिल रहे।
एसपी ने बताया कि जनवरी 2026 से जुलाई 2026 तक सिमडेगा पुलिस 445 चोरी एवं गुम मोबाइल बरामद कर चुकी थी। अब 128 और मोबाइल की बरामदगी के साथ जनवरी 2026 से अब तक बरामद मोबाइल की कुल संख्या 573 हो गई है। पुलिस के अनुसार, बरामद 128 मोबाइल में 12 फोन CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर, जबकि 116 मोबाइल अन्य तकनीकी एवं पुलिसिया माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर बरामद किए गए हैं।

एसपी श्रीकांत राव खोटरे ने कहा कि मोबाइल फोन आज लोगों के दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। इसमें व्यक्तिगत यादों, संपर्कों, जरूरी दस्तावेजों और डिजिटल जानकारियों समेत कई महत्वपूर्ण सूचनाएं सुरक्षित रहती हैं। ऐसे में मोबाइल चोरी या गुम होने से लोगों को काफी परेशानी होती है। पुलिस तकनीक और टीमवर्क के जरिए ऐसे मोबाइलों की बरामदगी कर उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने का लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास केवल शब्दों से नहीं, बल्कि जनहित से जुड़े ठोस कार्यों से मजबूत होता है। सिमडेगा पुलिस भविष्य में भी नागरिकों की समस्याओं के समाधान और उनकी संपत्ति की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी।

सिमडेगा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल चोरी या गुम होने पर तत्काल नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल को ब्लॉक कराने के लिए आवेदन करें। मोबाइल ब्लॉक होने से उसके दुरुपयोग पर रोक लगाने और नेटवर्क पर दोबारा इस्तेमाल होने की स्थिति में उसकी पहचान व बरामदगी में मदद मिलती है।
CEIR पर आवेदन के लिए पहले थाना में शिकायत दर्ज कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें और दूसरी सिम प्राप्त करें। इसके बाद CEIR पोर्टल पर ‘Block Stolen/Lost Mobile’ विकल्प चुनकर IMEI नंबर समेत मांगी गई जानकारी दर्ज करें और जरूरी दस्तावेज अपलोड कर आवेदन जमा करें। प्राप्त Request ID के माध्यम से आवेदन की स्थिति भी देखी जा सकती है।
















