राष्ट्रीय खेल दिवस पर 27 अगस्त को होगा विकसित भारत युवा कनेक्ट-खेल संस्करण

निर्मल सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गुमला: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत (माय भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से विकसित भारत युवा कनेक्ट-खेल संस्करण कार्यक्रम का आयोजन 27 अगस्त 2026 को किया जाएगा। कार्यक्रम गुमला के कार्तिक उरांव कॉलेज और चैनपुर के अल्बर्ट एक्का मेमोरियल कॉलेज में आयोजित होगा।
माय भारत के जिला युवा अधिकारी पुलकित खुराना ने मंगलवार को डीएसपी रोड स्थित माय भारत कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 29 अगस्त को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। युवा भागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस वर्ष कार्यक्रम का आयोजन 27 अगस्त को किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं, खिलाड़ियों, छात्रों और युवा नेताओं को एक साझा मंच पर जोड़ना है। इस दौरान पिछले 12 वर्षों में देश के खेल इंफ्रास्ट्रक्चर में हुए बदलाव और भारत के बढ़ते स्पोर्ट्स इकोसिस्टम पर चर्चा की जाएगी। युवाओं को खिलाड़ियों और स्वयंसेवकों से सीधे संवाद का अवसर भी मिलेगा।

जिला युवा अधिकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 अगस्त को वर्चुअल माध्यम से देश के करीब 1600 स्थानों पर मौजूद 8 लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे। दोनों कार्यक्रम स्थलों पर अतिथियों और युवाओं की उपस्थिति सुबह 10 बजे तक सुनिश्चित की गई है।

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर युवा संवाद आयोजित होगा। इसमें माय भारत वालंटियर्स और स्थानीय खिलाड़ियों के बीच करीब 15 मिनट का खुला संवाद होगा, जिसमें युवा अपने विचार और सुझाव साझा कर सकेंगे। पुलकित खुराना ने युवाओं से माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर कार्यक्रम से जुड़ने की अपील की है।
















