साधु के भेष में चल रहा था गांजा का कारोबार, जमशेदपुर पुलिस ने 7.8 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को दबोचा

जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एमजीएम थाना क्षेत्र से दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में एक व्यक्ति साधु के भेष में रहकर गांजा की तस्करी और सप्लाई का काम कर रहा था।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एमजीएम थाना क्षेत्र के सिमुलडांगा काली मंदिर के समीप छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने रौशन कुमार को गिरफ्तार किया। उसके पास से 130 ग्राम गांजा, गांजा से भरी 60 तैयार सिगरेट, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, पैकिंग सामग्री तथा ₹3,060 नकद बरामद किए गए।

पूछताछ में रौशन कुमार ने खुलासा किया कि वह बोड़ाम थाना क्षेत्र के जोबा गांव निवासी शंभू महतो उर्फ साधु से सप्ताह में दो से तीन बार गांजा खरीदता था और शहर में युवाओं के बीच पुड़िया और गांजा मिश्रित सिगरेट के रूप में इसकी बिक्री करता था।
रौशन की निशानदेही पर पुलिस ने शंभू महतो के घर पर छापेमारी की, जहां से 7.67 किलोग्राम गांजा, गांजा के बीज और ₹5,840 नकद बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, शंभू महतो साधु का वेश धारण कर लंबे समय से इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहा था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि रौशन कुमार वर्ष 2023 में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल जा चुका है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

















