जूनियर राष्ट्रीय पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2026 के लिए झारखंड की 18 सदस्यीय टीम घोषित, खिलाड़ियों को वितरित किए गए खेल किट

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रांची : 16वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2026 के लिए झारखंड की 18 सदस्यीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम की घोषणा कर दी गई है। यह प्रतियोगिता 28 जुलाई से 8 अगस्त 2026 तक तमिलनाडु के कोयंबटूर में आयोजित होगी। टीम की घोषणा मंगलवार को मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा हॉकी स्टेडियम के सभागार में की गई, जहां खिलाड़ियों को खेल किट भी वितरित किए गए।
जानकारी के अनुसार, 22 जून 2026 को आयोजित ओपन चयन ट्रायल से 42 खिलाड़ियों का चयन किया गया था। इसके बाद 15 से 19 जुलाई तक विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बेहतर प्रदर्शन के आधार पर 23 खिलाड़ियों को चुना गया। इन खिलाड़ियों का 20 जुलाई से अंतिम प्रशिक्षण शिविर चला, जिसके उपरांत 18 सदस्यीय टीम का गठन किया गया।
हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं हॉकी झारखंड की कोषाध्यक्ष असरिता लकड़ा तथा उपाध्यक्ष अशोक भगत ने टीम की घोषणा करते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
झारखंड जूनियर पुरुष हॉकी टीम में अनमोल कोंगारी, गंगा टोपनो, टिंटस हेमरोम, पत्रस हस्सा, सुजीत केरकेट्टा, साबियन किरो, साइमन डोडराय, प्रिंस साहू, अमन टिग्गा, रोहित तिर्की, घुरन लोहरा, ग्लेडशन भेंगरा, जोलेन टोपनो, निकोलस टोपनो, अंकित एक्का, विजय भोई, असिम एक्का और अंकित बरवार शामिल हैं। वहीं सपोर्ट स्टाफ के रूप में टीम कोच विकास जोशी, टीम मैनेजर सुमित बाथम, टीम फिजियो साइकत भट्टाचार्य तथा वीडियो एनालिस्ट सत्यजीत दाभी शामिल हैं।

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी असरिता लकड़ा ने कहा कि हॉकी झारखंड में खिलाड़ियों के चयन और सुविधाओं में व्यापक सुधार हुआ है। अब खिलाड़ियों को पारदर्शी ट्रायल प्रक्रिया, बेहतर प्रशिक्षण, यात्रा सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण खेल किट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से राज्य और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी ने कहा कि खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है और अब उन्हें मैदान में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड को गौरवान्वित करना होगा।
चैंपियनशिप में झारखंड का पहला मुकाबला 2 अगस्त को पंजाब से और दूसरा मुकाबला 3 अगस्त को दिल्ली से होगा। हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, महानिदेशक विजय शंकर सिंह, झारखंड कुश्ती संघ के सचिव रजनीश कुमार समेत खेल विभाग और हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों ने टीम को शुभकामनाएं दी हैं।

















