Jharkhand announces 18-member squad for Junior National Men's Hockey Championship 2026, sports kits distributed to players

जूनियर राष्ट्रीय पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2026 के लिए झारखंड की 18 सदस्यीय टीम घोषित, खिलाड़ियों को वितरित किए गए खेल किट

Share
Link copied
Jharkhand announces 18-member squad for Junior National Men's Hockey Championship 2026, sports kits distributed to players
Jharkhand announces 18-member squad for Junior National Men’s Hockey Championship 2026, sports kits distributed to players

शंभू कुमार सिंह

रांची : 16वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2026 के लिए झारखंड की 18 सदस्यीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम की घोषणा कर दी गई है। यह प्रतियोगिता 28 जुलाई से 8 अगस्त 2026 तक तमिलनाडु के कोयंबटूर में आयोजित होगी। टीम की घोषणा मंगलवार को मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा हॉकी स्टेडियम के सभागार में की गई, जहां खिलाड़ियों को खेल किट भी वितरित किए गए।

जानकारी के अनुसार, 22 जून 2026 को आयोजित ओपन चयन ट्रायल से 42 खिलाड़ियों का चयन किया गया था। इसके बाद 15 से 19 जुलाई तक विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बेहतर प्रदर्शन के आधार पर 23 खिलाड़ियों को चुना गया। इन खिलाड़ियों का 20 जुलाई से अंतिम प्रशिक्षण शिविर चला, जिसके उपरांत 18 सदस्यीय टीम का गठन किया गया।

हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं हॉकी झारखंड की कोषाध्यक्ष असरिता लकड़ा तथा उपाध्यक्ष अशोक भगत ने टीम की घोषणा करते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

झारखंड जूनियर पुरुष हॉकी टीम में अनमोल कोंगारी, गंगा टोपनो, टिंटस हेमरोम, पत्रस हस्सा, सुजीत केरकेट्टा, साबियन किरो, साइमन डोडराय, प्रिंस साहू, अमन टिग्गा, रोहित तिर्की, घुरन लोहरा, ग्लेडशन भेंगरा, जोलेन टोपनो, निकोलस टोपनो, अंकित एक्का, विजय भोई, असिम एक्का और अंकित बरवार शामिल हैं। वहीं सपोर्ट स्टाफ के रूप में टीम कोच विकास जोशी, टीम मैनेजर सुमित बाथम, टीम फिजियो साइकत भट्टाचार्य तथा वीडियो एनालिस्ट सत्यजीत दाभी शामिल हैं।

RKDF
Adv

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी असरिता लकड़ा ने कहा कि हॉकी झारखंड में खिलाड़ियों के चयन और सुविधाओं में व्यापक सुधार हुआ है। अब खिलाड़ियों को पारदर्शी ट्रायल प्रक्रिया, बेहतर प्रशिक्षण, यात्रा सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण खेल किट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से राज्य और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी ने कहा कि खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है और अब उन्हें मैदान में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड को गौरवान्वित करना होगा।

चैंपियनशिप में झारखंड का पहला मुकाबला 2 अगस्त को पंजाब से और दूसरा मुकाबला 3 अगस्त को दिल्ली से होगा। हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, महानिदेशक विजय शंकर सिंह, झारखंड कुश्ती संघ के सचिव रजनीश कुमार समेत खेल विभाग और हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों ने टीम को शुभकामनाएं दी हैं।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।