रांची में ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, 13 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद

रांची: राजधानी रांची में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से ब्राउन शुगर की 13 पुड़िया बरामद की गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक (सदर) के नेतृत्व में गठित छापेमारी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कोकर चौक स्थित सैमफोर्ड हॉस्पिटल के सामने कार्रवाई की। इस दौरान कोकर सरना टोली निवासी राहुल अग्रवाल (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी के पास से प्लास्टिक एवं सिल्वर फॉयल में पैक ब्राउन शुगर की कुल 13 पुड़िया बरामद की, जिसका कुल वजन 3.87 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा एक वन प्लस कंपनी का स्मार्ट मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ब्राउन शुगर को छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक कर 500 से 600 रुपये प्रति पुड़िया की दर से बेचता था। इस मामले में सदर थाना कांड संख्या 357/2026, दिनांक 28 जुलाई 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21/22 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
















