जेपीएससी कथित धांधली के विरोध में सिमडेगा में भाजयुमो का मशाल जुलूस, युवाओं को न्याय दिलाने की उठी मांग

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नेतृत्व में शुक्रवार को सिमडेगा में जेपीएससी परीक्षा में कथित धांधली और भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं के विरोध में विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। महावीर चौक से शुरू हुए इस जुलूस में भाजपा और भाजयुमो के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, छात्र-युवाओं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

जुलूस का नेतृत्व भाजयुमो जिला अध्यक्ष अनिरुद्ध सिंह ने किया। प्रदर्शनकारियों ने जेपीएससी परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा योग्य अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की। इस दौरान युवाओं के अधिकारों के समर्थन में नारेबाजी भी की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि राज्य के लाखों युवा वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन भर्ती प्रक्रियाओं में सामने आ रही कथित अनियमितताओं से उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार जल्द निष्पक्ष जांच नहीं कराती है, तो भाजयुमो राज्यव्यापी आंदोलन को और तेज करेगा।

भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक पुरी ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रही कथित अनियमितताओं ने युवाओं के विश्वास को आहत किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं के न्यायपूर्ण अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष राकेश रविकांत प्रधान ने कहा कि पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया नहीं होने का सबसे अधिक नुकसान ग्रामीण, आदिवासी और गरीब परिवारों के युवाओं को उठाना पड़ता है। उन्होंने सरकार से सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।

मशाल जुलूस के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित होने तक लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रहित, युवा हित और झारखंड के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष चंदन, प्रसून, श्रद्धानंद बेसरा, अनूप प्रसाद, उपेंद्र श्रीवास्तव, अनूप केसरी, जिला मीडिया प्रभारी कृष्णा ठाकुर, प्रतिमा देवी, पिंकी प्रसाद, शिखा अग्रवाल, विनोद बड़ाईक, सत्यनारायण प्रसाद, सुभाष महतो, गुड्डू झा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
















