JPSC आंदोलन के बीच जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के पास मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, घंटों की मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारा गया
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। इसी बीच शनिवार देर रात धरना स्थल के पास एक मोबाइल टावर पर युवक के चढ़ जाने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 1:30 बजे युवक अचानक टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया गया और युवक को बिना किसी जोखिम के नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कई घंटे तक युवक से बातचीत की। काफी समझाने-बुझाने के बाद वह नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया। अधिकारियों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।

फिलहाल युवक की पहचान और उसके टावर पर चढ़ने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुटी है। प्रशासन ने इस घटना को लेकर अभी कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

गौरतलब है कि जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन पिछले कई दिनों से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जारी है। अभ्यर्थी परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं।

















