शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोपी मुंबई से गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में सिमडेगा पुलिस ने फरार आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस संबंध में गुरुवार को डीएसपी मुख्यालय रणवीर सिंह ने प्रेस वार्ता आयोजित कर कार्रवाई की जानकारी दी।

डीएसपी ने बताया कि महिला थाना में दर्ज कांड संख्या 21/2026 के तहत बीएनएस की धारा 69 में मामला दर्ज किया गया था। पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया था कि आरोपी अनीश एक्का ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। गर्भवती होने के बाद आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और फरार हो गया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर टीम ने 4 अगस्त को मुंबई स्थित हिरानंदानी अस्पताल के पास से आरोपी अनीश एक्का को गिरफ्तार किया।


आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को सिमडेगा लाया गया, जहां गुरुवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



















