झारखंड में SIR के दौरान 63.24 लाख नोटिस जारी, रांची में सबसे अधिक 6.89 लाख मामले
रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण यानी SIR अभियान के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं से जुड़े मामलों की पहचान की गई है। 6 अगस्त 2026 तक तैयार की गई आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार राज्यभर में कुल 63,24,116 नोटिस जारी किए गए हैं। यह रिपोर्ट सभी 24 जिलों और 81 विधानसभा क्षेत्रों के आधार पर तैयार की गई है, जिसमें मतदाता सूची में सामने आई विभिन्न प्रकार की विसंगतियों और सत्यापन संबंधी मामलों का विस्तृत ब्यौरा दिया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार जिन मतदाताओं का डेटा पूरी तरह मैप नहीं हो सका, जिनके दस्तावेजों का सत्यापन लंबित है अथवा जिनके रिकॉर्ड में किसी प्रकार की विसंगति पाई गई है, उन्हें नोटिस जारी किया गया है। आंकड़ों के मुताबिक राज्य में 14,03,205 ‘नो मैपिंग इलेक्टर’, 3,65,684 डीएसई सत्यापन लंबित तथा 45,55,227 अनियमितताओं से जुड़े मामले दर्ज किए गए हैं। इन सभी श्रेणियों को मिलाकर कुल 63,24,116 नोटिस जारी किए गए हैं।

रांची जिला सबसे ऊपर
जिलावार आंकड़ों में रांची सबसे ऊपर है, जहां 6,89,283 नोटिस जारी किए गए हैं। रांची जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों—तमाड़, सिल्ली, खिजरी, रांची, हटिया, कांके और मांडर—में बड़ी संख्या में मामलों की पहचान हुई है। इनमें अकेले हटिया विधानसभा क्षेत्र में 1,52,362, कांके में 1,38,857, मांडर में 1,06,993, रांची में 1,03,949 तथा खिजरी में 1,00,194 नोटिस दर्ज किए गए हैं।

गिरिडीह, धनबाद और पूर्वी सिंहभूम भी शीर्ष पर
रिपोर्ट में गिरिडीह दूसरे स्थान पर है, जहां 5,33,553 नोटिस जारी किए गए। इसके बाद धनबाद में 4,73,891, पूर्वी सिंहभूम में 4,59,214, पलामू में 4,48,288 तथा हजारीबाग में 4,16,052 नोटिस दर्ज किए गए हैं। यह आंकड़े बताते हैं कि इन जिलों में मतदाता सूची के सत्यापन और विसंगतियों से जुड़े मामलों की संख्या अन्य जिलों की तुलना में अधिक है।

इन जिलों में अपेक्षाकृत कम मामले
रिपोर्ट के अनुसार लोहरदगा में सबसे कम 52,555 नोटिस दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा जामताड़ा में 1,12,092, सिमडेगा में 1,22,815, खूंटी में 1,34,587 तथा चतरा में 1,78,808 नोटिस जारी किए गए हैं।

विधानसभा क्षेत्रों में हटिया सबसे आगे
यदि विधानसभा क्षेत्रों की बात करें तो हटिया में 1,52,362 नोटिस के साथ सबसे अधिक मामले दर्ज हुए हैं। इसके बाद कांके (1,38,857), हजारीबाग (1,20,067), बोकारो (1,17,954), धनबाद (1,16,204), जमशेदपुर पश्चिम (1,12,709), सरायकेला (1,12,156), डाल्टनगंज (1,09,962), देवघर (1,08,220) और गढ़वा (1,01,786) का स्थान है।
रिपोर्ट क्या बताती है?
मतदाता को नोटिस से घबराने की जरूरत नही है । चुनाव आयोग ने झारखंड के सभी 24 जिलों के 81 विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान नोटिसों जारी किया है। वजह ये हो सकती है डेटा मैपिंग के दौरान किसी कारणवश सत्यापन लंबित रह गया हो या रिकॉर्ड में गड़बड़ियां (अनियमितताएं) मिलने के कारण नोटिस जारी किए गए हो। नोटिस के जवाब में सही कागजात पेश करने से आप फिर से मतदाता सूची में जुड़ जाएंगे …



















