JPSC-JSSC विवाद पर वाम छात्र संगठनों का शक्ति प्रदर्शन कल, विधानसभा घेराव की तैयारी

रांची: झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन को अब वाम छात्र संगठनों का भी समर्थन मिल गया है। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF), स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन (AIYF) ने शुक्रवार, 7 अगस्त को विधानसभा घेराव करने की घोषणा की है। इस संबंध में गुरुवार को रांची स्थित झारखंड सीपीआई कार्यालय में संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

प्रेस वार्ता में मौजूद छात्र नेताओं ने कहा कि राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उनका आरोप है कि 14वीं JPSC परीक्षा समेत कई भर्ती प्रक्रियाओं में अभ्यर्थियों का भरोसा कमजोर हुआ है। ऐसे में सरकार को छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

संगठनों ने बताया कि शुक्रवार को बिरसा चौक से विधानसभा तक संयुक्त मार्च निकाला जाएगा। उनका कहना है कि यह प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक होगा तथा इसमें बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल होंगे।

भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग के साथ-साथ वाम छात्र संगठनों ने उच्च शिक्षा में लागू क्लस्टर सिस्टम पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि इस व्यवस्था की समीक्षा की जानी चाहिए। इसके अलावा लंबे समय से बंद छात्रवृत्ति योजनाओं को फिर से शुरू करने की भी मांग की गई।

छात्र नेताओं ने कहा कि जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन के बाद झारखंड के आंदोलन पर राष्ट्रीय स्तर पर भी नजर है। उनका दावा है कि यदि सरकार ने छात्रों की मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

संयुक्त प्रेस वार्ता में SFI की सोनाली, राज्य संयोजक दानिश, AISF के राष्ट्रीय महासचिव दिनेश श्रीरंगराज, AIYF के रौशन कुमार सिन्हा, AISF के राज्य अध्यक्ष हिमांशु सिंह, रांची जिला अध्यक्ष एहतेशाम परवीन, प्रदेश सह सचिव अफजल दुर्रानी और अन्य छात्र प्रतिनिधि मौजूद रहे।






















