जमशेदपुर में रॉबिन हुड आर्मी ने लॉन्च किए दो बड़े सामाजिक अभियान, AI शिक्षा और राशन वितरण पर रहेगा फोकस
पप्पू तिवारी
जमशेदपुर, 7 अगस्त: रॉबिन हुड आर्मी (RHA) जमशेदपुर ने शुक्रवार को बिष्टुपुर स्थित सिंहभूम चेम्बर ऑफ कॉमर्स में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान वर्ष 2026 के लिए अपने दो प्रमुख राष्ट्रीय अभियानों—“भारत लर्न्स AI” और “मिशन स्वदेश”—की घोषणा की। संगठन का उद्देश्य शिक्षा और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में वंचित समुदायों तक व्यापक स्तर पर सहायता पहुंचाना है।

संगठन के प्रतिनिधियों ने बताया कि “भारत लर्न्स AI” अभियान के तहत देशभर में 250 आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) लर्निंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को AI, डिजिटल साक्षरता और आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे भविष्य की तकनीकी दुनिया के लिए तैयार हो सकें।

वहीं “मिशन स्वदेश” के तहत ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों तक एक माह का राशन और खाद्य सामग्री पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा।

जमशेदपुर इकाई ने शहर में दो “भारत AI लर्निंग सेंटर” स्थापित करने और तीन सक्रिय लर्निंग सेंटरों के माध्यम से बच्चों को नियमित शिक्षा उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया है। इसके साथ ही टीम जमशेदपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में जरूरतमंद परिवारों तक राशन पहुंचाने का अभियान भी चलाएगी।

रॉबिन हुड आर्मी के पदाधिकारियों ने कहा कि दोनों अभियान पूरी तरह स्वयंसेवकों और समाज के सहयोग से संचालित होंगे। उन्होंने नागरिकों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों और उद्योग जगत से इस जनसेवा अभियान में भागीदारी की अपील की, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक शिक्षा और भोजन की सहायता पहुंचाई जा सके।

संगठन का कहना है कि उसका उद्देश्य केवल भूख मिटाना नहीं, बल्कि वंचित बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और आत्मनिर्भर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाना भी है।

प्रेस वार्ता में भवानी शंकर, अरुण ठाकुर, स्नेहा, शुभम, मिशुख, मृत्युंजय, कुमकुम, अनीता, देव, आकाश, नीरज, सुरभि, निधि, गगनदीप, देवकरण, शेली सहित रॉबिन हुड आर्मी जमशेदपुर के कई स्वयंसेवक मौजूद रहे।



















