झारखंड बंद का असर: हरमू चौक पर BJP का प्रदर्शन, ग्रामीण इलाकों में टायर जलाकर किया सड़क जाम
रांची। प्रतियोगी छात्रों के आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में BJP के झारखंड बंद का असर मंगलवार सुबह से राजधानी रांची में दिखाई देने लगा। बंद के समर्थन में भाजपा कार्यकर्ता कई इलाकों में सड़क पर उतरे और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

रांची के ग्रामीण इलाकों से खबर आ रही है की भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए यातायात रोक दिया। प्रदर्शन के चलते सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

यह बंद सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हुए टकराव के विरोध में बुलाया गया है। JPSC और JSSC की नियुक्ति परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और परीक्षा प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्र विधानसभा की ओर मार्च कर रहे थे।

विधानसभा के पास पुलिस बैरिकेडिंग के आगे बढ़ने की कोशिश के बाद स्थिति बिगड़ गई। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। कार्रवाई के दौरान कई छात्रों और पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना सामने आई।

घटना के बाद भाजपा ने कल से ही सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज कर दिया। पार्टी ने आरोप लगाया कि छात्रों की मांगों को सुनने के बजाय सरकार ने पुलिस बल का इस्तेमाल किया। इसी के विरोध में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में राज्यव्यापी बंद का ऐलान किया था।



















