राँची पुलिस की अपील: सोशल मीडिया पर अपुष्ट खबरें साझा न करें, अफवाहों से बचें
राँची। सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर तेजी से फैलने वाली अफवाहों को लेकर राँची पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से कहा है कि सोशल मीडिया, मैसेजिंग प्लेटफॉर्म या किसी अन्य माध्यम से प्राप्त किसी भी समाचार अथवा सूचना को बिना सत्यापन के आगे प्रसारित न करें।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस के अनुसार, कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर झूठी, भ्रामक और अपुष्ट सूचनाएं प्रसारित कर सकते हैं। ऐसी सूचनाओं का उद्देश्य समाज में घृणा, वैमनस्य और तनाव पैदा करना तथा लोगों को कानून-विरोधी गतिविधियों के लिए उकसाना हो सकता है। पुलिस ने कहा कि ऐसी सामग्री को बिना जांचे साझा करना सामाजिक शांति और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

संवेदनशील सूचना पर पहले करें सत्यापन
राँची पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संवेदनशील या विवादित सूचना पर विश्वास करने अथवा उसे साझा करने से पहले उसके स्रोत और सत्यता की जांच जरूर करें। पुलिस ने स्पष्ट रूप से कहा है कि लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए और न ही उन्हें आगे बढ़ाना चाहिए।
पुलिस ने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति के संज्ञान में कोई भ्रामक, आपत्तिजनक या समाज में तनाव उत्पन्न करने वाली सामग्री आती है, तो उसे आगे साझा करने के बजाय संबंधित पुलिस या प्रशासन को इसकी जानकारी दी जाए।

कानून हाथ में न लेने की अपील
राँची पुलिस ने नागरिकों से कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी विवाद या संवेदनशील स्थिति में अफवाहों के आधार पर प्रतिक्रिया देने से बचें। पुलिस ने लोगों से सत्यापित जानकारी पर भरोसा करने और सामाजिक शांति एवं सद्भाव बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।


















