गुमला की बेटियों ने जीता सुब्रतो कप का राष्ट्रीय खिताब

निर्मल सिंह
गुमला: गुमला की बेटियों ने दिल्ली में आयोजित 65वें सुब्रतो मुखर्जी कप अंडर-17 बालिका वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। डॉ. बीआर आंबेडकर स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रही संत पैट्रिक स्कूल, गुमला की टीम ने मिजोरम की एनसीसी टीम को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मुकाबले में झारखंड की टीम शुरू से ही मिजोरम पर हावी रही। कोच बीना केरकेट्टा की रणनीति के अनुसार खिलाड़ियों ने रक्षा और आक्रमण के बीच बेहतरीन तालमेल बनाए रखा और प्रतिद्वंद्वी टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। कप्तान बीना कुमारी के नेतृत्व में टीम ने संयमित और प्रभावी खेल का प्रदर्शन किया।

टीम की गोलकीपर खुशबू कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्लीन शीट बरकरार रखी। वहीं मनीषा डुंगडुंग ने डिफेंस और ऊषा कुमारी ने आक्रमण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस ऐतिहासिक जीत के साथ गुमला की बेटियों ने राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का परचम लहराया और राज्य का गौरव बढ़ाया।


















