पलामू : कुएं में मिला दो दिन से लापता 15 वर्षीय किशोरी का शव, परिजनों की फटकार के बाद घर से हुई थी गायब
पलामू। ऊंटारी रोड थाना क्षेत्र के लुम्बा सतबहिनी गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब दो दिनों से लापता 15 वर्षीय किशोरी का शव घर के कुएं में मिला। शव मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, किशोरी किसी लड़के से बातचीत करती थी। इसकी जानकारी परिजनों को मिलने के बाद उन्होंने किशोरी को फटकार लगाई थी। बताया जा रहा है कि इसके बाद सोमवार, 14 सितंबर की शाम किशोरी अचानक घर से निकल गई। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बावजूद जब किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

पुलिस ने भी किशोरी की तलाश शुरू की थी। इसी बीच बुधवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों की नजर घर के कुएं में पड़े शव पर गई। शव किशोरी का होने की पुष्टि होते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना ऊंटारी रोड थाना पुलिस को दी।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से किशोरी के शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आत्महत्या या हादसा, जांच में जुटी पुलिस
किशोरी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रथम दृष्टया घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। किशोरी घर से निकलने के बाद कुएं तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इन बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस किशोरी के घर से निकलने से पहले की परिस्थितियों, परिजनों से हुई बातचीत, उसके संपर्क में रहने वाले लोगों और मोबाइल फोन से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है। हालांकि, अभी तक पुलिस ने मौत को आत्महत्या या किसी अन्य घटना का परिणाम नहीं बताया है।

ऊंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरी ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बच्चा चोरी के प्रयास के शक में महिला पकड़ी गई, पुलिस ने हिरासत में लिया
बोकारो: चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के तेलो पश्चिमी पंचायत अंतर्गत मिरचाटांड़ गांव में बच्चा चोरी के प्रयास के संदेह में ग्रामीणों ने एक…
अतिक्रमण हटाने को लेकर हंगामा, DPS स्कूल के पास सड़क पर उतरे लोग
रांची: धुर्वा स्थित HEC की जमीन पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी हंगामा जारी है।…

















