हजारीबाग में पांच साइबर अपराधी गिरफ्तार, 11 मोबाइल और लैपटॉप समेत फर्जी दस्तावेज बरामद

हजारीबाग: हजारीबाग पुलिस ने साइबर ठगी के एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 11 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप समेत बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज और आई कार्ड बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरदीप यादव, संजीव कुमार, संटू कुमार, प्रवीण कुमार और राजू कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी बिहार के नवादा और नालंदा जिले के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, हजारीबाग एसपी अमन कुमार को सूचना मिली थी कि बाबा पथ, हुरहुरू स्थित एक किराए के मकान में कुछ लोग रहकर साइबर अपराध की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बाबा पथ हुरहुरू स्थित रामेंद्र कुमार सिंह के मकान की घेराबंदी कर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान मकान से पांचों आरोपियों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। पूछताछ में पुलिस को उनके साइबर ठगी से जुड़े होने की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, आरोपी फर्जी दस्तावेज और पहचान पत्र तैयार कर लोगों को टाटा पावर ईवी चार्जिंग स्टेशन की फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा देते थे। इसके नाम पर लोगों से मोटी रकम की साइबर ठगी की जाती थी।

पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल फोन, लैपटॉप और फर्जी दस्तावेजों को जांच के लिए जब्त कर लिया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और ठगी की घटनाओं के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
करंट की चपेट में आने से बिजली मिस्त्री की मौत, घर में अलमारी में बल्ब लगाते समय हादसा
जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु बी ब्लॉक में मंगलवार देर शाम करंट लगने से बिजली मिस्त्री सुरेश पटेल (36) की मौत…
पलामू : कुएं में मिला दो दिन से लापता 15 वर्षीय किशोरी का शव, परिजनों की फटकार के बाद घर से हुई थी गायब
पलामू। ऊंटारी रोड थाना क्षेत्र के लुम्बा सतबहिनी गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब दो दिनों से…

















